बीजेपी की संगठनात्मक कार्यशाला के उद्घटान सत्र को संबोधित करते हुए सीएम भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्त्ताओं से कहा कि जनता के सामने छाती ठोककर कहें कि हमने विकास के काम किए हैं और किसी भी प्रकार का कोई गलत काम नहीं किया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पिछली सरकार के पांच सालों और हमारी सरकार के दो सालों के कामकाज को अगर निष्पक्ष रूप से देखा जाए तो अंतर साफ नजर आता है। सीएम शानिवार को कॉन्सिस्ट्यूशन क्लब में आयोजित संगठनात्मक कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। कांग्रेस भ्रम की राजनीति करती है
सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा कि हमारी सरकार ने पारदर्शिता, सुशासन और विकास को प्राथमिकता दी है। सड़क, बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ठोस और जमीन पर दिखने वाले काम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस केवल बयानबाजी और भ्रम फैलाने की राजनीति करती है। जबकि हमारी सरकार परिणाम देने में विश्वास रखती है। कार्यशाला में अलग-अलग सत्र आयोजित हुए
बीजेपी की संगठनात्मक कार्यशाला में उद्घाटन और समापन सत्र को मिलाकर कुल 5 सत्र आयोजित हुए। उद्घाटन सत्र को सीएम भजनलाल शर्मा और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने संबोधित किया। इसके बाद आयोजित हुए सत्र को राष्ट्रीय सह-संगठन महामंत्री शिव प्रकाश ने संबोधित किया। वहीं दो अन्य सत्रों को भी अलग-अलग एक्सपर्ट्स ने संबोधित किया। समापन सत्र को भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री बीएल संतोष ने संबोधित किया। उन्होंने भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करने की नसीहत दी।


