रीवा पुलिस ने 9 लाख रुपए का गांजा बरामद किया है। इसके साथ ही 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक फरार हो गया। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। सभी आरोपी रीवा जिले के रहने वाले है। जानकारी के अनुसार आरोपी रायपुर छत्तीसगढ़ से गांजा लाए थे। इसको यह रीवा और बनारस में खपाने वाले थे। जानकारी के अनुसार मुखबिर से सूचना मिलने के बाद चोरहटा थाना पुलिस और स्पेशल टीम ने रामकुई बायपास संजय ढाबा के पास आयशर कंपनी के ट्रक से बोलेरो में गांजा पलटी करते समय पकड़ा। पुलिस ने आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया और करीब 60 किलो गांजा जब्त कर लिया। पुलिस ने इस दौरान 6 गांजा तस्करों को भी पकड़ने में सफलता प्राप्त की, जबकि एक भागने के सफल रहा। पुलिस ने माल और आरोपियों के साथ ही एक बोलेरो वाहन, एक ट्रक 18 हजार से ज्यादा नगदी और 7 महंगे मोबाइल भी जब्त कर लिए हैं। शनिवार शाम को पूरी कार्रवाई के बाद आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। DIG बोले-नशे के विरूद्ध की जा रही है कार्रवाई डीआईजी रीवा संभाग साकेत पांडेय ने बताया कि पुलिस द्वारा नशे के विरूद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। पूरे संभाग में सीधी, सतना, सिंगरौली, मैहर, मऊगंज में नशे के विरूद्ध छोटी बड़ी कार्रवाई की जा कर आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है। नशे के विरूद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत रीवा में भी नशे के विरूद्ध कार्रवाई करते हुए लाखों का माल बरामद किया गया है।


