लातेहार में जंगली हाथी बच्चे के साथ बस्ती में घुसा:गम्हरिया टोला में ग्रामीणों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा, लोगों ने खदेड़ा

लातेहार जिले के छिपादोहर स्थित गम्हरिया टोला में शनिवार शाम करीब चार बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जंगली हाथी अपने बच्चे के साथ अचानक गांव की बस्ती में घुस आया। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत फैल गई, हालांकि उनकी सूझबूझ से कोई बड़ी अनहोनी टल गई। हाथी को बस्ती के बीच देखकर लोग भयभीत हो गए। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग अपनी जान बचाने के लिए घरों से निकलकर इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए पूरा गांव डर और अफरातफरी के माहौल में डूब गया। हाथी और उसका बच्चा कुछ समय तक घरों के बेहद करीब घूमते रहे, जिससे लोगों की सांसें थम गईं। शोर-शराबा कर हाथी को खदेड़ा स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए ग्रामीणों ने संयम और साहस का परिचय दिया। गांव के लोग एकजुट हुए और शोर-शराबा करते हुए हाथी को धीरे-धीरे बस्ती से बाहर की ओर खदेड़ना शुरू किया। ग्रामीणों की सतर्कता और सूझबूझ का परिणाम रहा कि हाथी और उसका बच्चा रेलवे लाइन पार करते हुए कुचिला गांव के रास्ते मतनाग होते हुए बेतला जंगल की ओर लौट गए। इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों की गतिविधियों पर नजर रखने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। रेंजर अजय टोप्पो ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि गांव या आसपास के क्षेत्र में हाथी दिखाई दें तो घबराने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *