किसानों ने रखी बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग:एडीएम को सौंपा ज्ञापन, एक सप्ताह में व्यवस्था नहीं सुधरी तो धरने की चेतावनी

शिवगंज तहसील के मोरली बारेवडा की किसान संघर्ष समिति ने बिजली आपूर्ति में सुधार की मांग को लेकर जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। समिति ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर दिन में बिजली नहीं मिली, तो ग्रामीण पालड़ी एफसीएस पर धरना प्रदर्शन करेंगे। प्रतिनिधिमंडल शनिवार को जिला मुख्यालय पहुंचा था। किसान संघर्ष समिति का प्रतिनिधिमंडल गोपाल कुमावत अगुआई में पहुंचा और अतिरिक्त कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया गया कि पिछले लगभग एक साल से बिजली आपूर्ति में गंभीर समस्याएं आ रही हैं। थ्री-फेज बिजली एक घंटे में चार बार तक ट्रिप होती है, जिससे किसानों को फसलों की सिंचाई में भारी नुकसान हो रहा है और थ्री-फेज मोटरें जलना आम बात हो गई है। समिति ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार के 6 घंटे थ्री-फेज बिजली आपूर्ति के आदेश के बावजूद, उन्हें यह सुविधा नहीं मिल रही है। दिन में बिजली देने के बजाय रात में आपूर्ति की जा रही है। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि पिछले एक साल से बारेवडा गांव में कोई लाइनमैन नहीं है। सहायक अभियंता और जूनियर अभियंता को इन समस्याओं से अवगत कराया गया है, लेकिन उनके द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दिया जाता, और कई बार तो फोन भी नहीं उठाए जाते। अधिकारी अक्सर ‘लाइन फॉल्ट’ कहकर पल्ला झाड़ लेते हैं। पिछले सात दिनों से थ्री-फेज सप्लाई पूरी तरह से बंद है, जिससे स्थिति और बिगड़ गई है। समिति ने इन सभी समस्याओं के तत्काल समाधान की मांग की है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर बिजली व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो ग्रामीण धरना प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उनका कहना है कि अगर समस्या का समाधान नहीं हुआ तो सामूहिक निर्णय लेकर रणनीति के तहत पूरी तहसील का धरना पाली और जीएसएस पर दिया जाएगा। इस दौरान कुमावत के साथ काफी संख्या में समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *