आईजीएनपी नहरों का सिंचाई रेगुलेशन तय:21 जनवरी तक दो समूहों को पानी, फिर तीन में से एक समूह को मिलेगा पानी

इंदिरा गांधी नहर परियोजना (आईजीएनपी) की नहरों के लिए सिंचाई पानी का नया रेगुलेशन तय किया गया है। इसके तहत 21 जनवरी तक चार में से दो समूहों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। इसके बाद 21 जनवरी से 13 मार्च तक तीन में से एक समूह को पानी मिलेगा। यह महत्वपूर्ण निर्णय हनुमानगढ़ जंक्शन स्थित जल संसाधन विभाग कार्यालय में आयोजित जल परामर्शदात्री समिति की बैठक में लिया गया। मुख्य अभियंता प्रदीप रुस्तगी की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने पानी की उपलब्धता और वितरण की रूपरेखा पर चर्चा की। अधिकारियों ने पानी की वर्तमान उपलब्धता का हवाला देते हुए कहा कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर इस रेगुलेशन में बदलाव किया जा सकता है। उन्होंने यह भी बताया कि यदि कैचमेंट एरिया में बारिश या मावठ होती है तो नहरों के रेगुलेशन में सुधार संभव है। किसानों ने इस निर्णय पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि 21 जनवरी तक दो समूहों को पानी मिलने से उन्हें फिलहाल राहत मिलेगी। हालांकि, इसके बाद तीन में से एक समूह को पानी मिलने से सिंचाई का अंतराल बढ़ जाएगा, जिससे फसलों पर प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका है। विशेषकर तापमान में गिरावट और पाले की स्थिति में यह समस्या और बढ़ सकती है। बैठक में अनूपगढ़ विधायक शिमला देवी, सूरतगढ़ विधायक डूंगरराम गेदर, रायसिंहनगर विधायक सोहन नायक, पीलीबंगा विधायक विनोद गोठवाल और संगरिया विधायक अभिमन्यु पूनिया सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। इनके अलावा एसडीएम मांगीलाल सुथार, जल संसाधन विभाग हनुमानगढ़ के अधीक्षण अभियंता शिवचरण रैगर, रामाकिशन, केएल बैरवा, एक्सईएन केशवानंद बिश्नोई, सुनील काजला और अन्य विभागीय अधिकारी भी शामिल हुए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *