डीडवाना विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गिरधारीपुरा में विधायक यूनुस खान ने 22 लाख 51 हजार रुपए की लागत से तैयार थ्री फेज ट्यूबवेल का उद्घाटन किया। इस अवसर पर विधायक खान ने कहा कि सरकार किसी की भी हो, वे डीडवाना के विकास के लिए हर स्तर पर संघर्ष करते रहेंगे। उन्होंने बताया कि इस ट्यूबवेल का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र में पेयजल संकट से माताओं-बहनों को राहत दिलाना है। ग्रामीणों ने विधायक को मांग पत्र सौंपकर गांव के उच्च प्राथमिक स्कूल को क्रमोन्नत करने और स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की मांग की। स्कूल में लगभग 430 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। विधायक यूनुस खान ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण पर कहा कि भूमि उपलब्ध होते ही राज्य सरकार से समन्वय कर कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। इस पर गांव के भामाशाह ठाकुर लक्ष्मण सिंह ने अस्पताल निर्माण के लिए भूमि दान करने की घोषणा की। विधायक और ग्रामीणों ने ठाकुर लक्ष्मण सिंह का अभिनंदन किया और भूमि का निरीक्षण भी किया। इसी क्रम में विधायक यूनुस खान ने ग्राम चांदबासनी का दौरा कर जनसंपर्क किया। ग्रामीणों से संवाद के दौरान पेयजल, सड़क, चिकित्सा सुविधाओं सहित अन्य विकास कार्यों पर विस्तृत चर्चा हुई। विधायक ने ग्रामीणों द्वारा बताए गए विभिन्न स्थानों का मौके पर निरीक्षण किया और संबंधित विभागों से समन्वय कर जनहित से जुड़े सभी मुद्दों के प्राथमिकता से समाधान का आश्वासन दिया। विधायक खान ने दोहराया कि डीडवाना विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए वे निरंतर सक्रिय हैं और गांव-ढाणी तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस दौरान महावीर ओझा, पार्षद नासीर कुरैशी, पूर्व सरपंच रामाकिशन शर्मा, मोहम्मद फारूक, पूर्व सरपंच अलादीन खान, पूर्व पार्षद सद्दीक खान, पंकज टाक, डॉ. अब्दुल मुतलिफ कोटवाल, लाल मोहम्मद, अब्दुल लतिफ, राजुराम मेघवाल (चांदबासनी), भींवाराम नायक, योगेश साणेल, प्रभुराम कटारिया, असलम खां, मदनलाल, मांगीलाल मण्डावत सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।


