खरगोन के भगवानपुरा में युवक कांग्रेस ने इंदौर के दूषित पेयजल वितरण मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ रोष जताते हुए उनका पुतला फूंका और इस्तीफे की मांग की। यह प्रदर्शन दोपहर 3:30 बजे बिस्टान नगर परिषद चौराहे पर हुआ। युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों ने रैली निकाली और मंत्री विजयवर्गीय के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए पुतला दहन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद थे। प्रदर्शनकारियों ने मुख्यमंत्री से मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की कथित अमर्यादित बयानबाजी को लेकर उनके इस्तीफे की मांग की। इसके साथ ही, उन्होंने दूषित पेयजल से प्रभावित मृतक परिवारों को एक-एक करोड़ रुपए का मुआवजा देने की भी मांग की। ब्लॉक युवा कांग्रेस अध्यक्ष रवि वास्कले ने इस दौरान कहा कि इंदौर की जनता ने 9 विधायक और कई पार्षद दिए हैं, इसलिए व्यवस्था देना प्रशासन और सरकार का कर्तव्य है। उन्होंने मंत्री विजयवर्गीय पर लोकतंत्र में जवाबदेही तय करने के बजाय मीडिया को धमकाने का आरोप लगाया और कहा कि मुख्यमंत्री को उनका इस्तीफा लेना चाहिए।


