केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने शनिवार को रांची स्मार्ट सिटी कॉर्पोरेशन में बने कमांड कंट्रोल एंड कम्युनिकेशन सेंटर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने देखा कि कैसे कमांड सेंटर से पूरे शहर की निगरानी की जा रही है। चौक-चौराहों के आसपास यातायात नियम तोड़ने वाले, जाम लगाने या नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़ा करने वालों पर यहीं से नजर रखी जा रही है। इसके अलावा पुलिस सर्विलांस और अपराध अनुसंधान में मिल रही मदद की जानकारी ली। स्मार्ट सिटी के पदाधिकारियों ने बताया कि यह सेंटर 24 घंटे काम कर रहा है। इससे ट्रैफिक मैनेजमेंट में काफी मदद मिल रही है। अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि सबसे पहले गुजरात में इस तरह का सेंटर देखा था। रांची में ऐसा सेंटर बनना बेहद सुखद है। जिस तरह पुलिस सर्विलांस, यातायात प्रबंधन और सूचना प्रसारण के क्षेत्र में इस सेंटर की भूमिका बढ़ी है, उसी प्रकार छात्राओं और महिला सुरक्षा को लेकर ठोस कदम उठाएं। छात्राओं को सेंटर से मिल रही सुविधाओं के प्रति जागरूक करें, ताकि मुसीबत के समय वे तत्काल सेंटर से संपर्क स्थापित कर सकें। मंत्री ने समाज कल्याण व महिला बाल विकास विभाग के पदाधिकारियों को कहा कि वे अपने पदाधिकारियों को यहां लाकर जानकारी दें। मौके पर समाज कल्याण व महिला बाल विकास विभाग के सचिव मनोज कुमार, निदेशक किरण कुमारी पासी, स्मार्ट सिटी के जीएम राकेश कुमार नंदकुलियार, सीएफओ ज्योति पुष्प, पीआरओ अमित कुमार सहित अन्य पदाधिकारी थे। उन्होंने इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी उनके आवास पर जाकर मुलाकात की।


