रायसेन शहर में सांची रोड पर शुक्रवार शाम यातायात विभाग और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की। माता मंदिर से तहसील कार्यालय तक सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को जेसीबी मशीन की मदद से हटाया गया। यह कार्रवाई सड़क पर लग रहे लगातार जाम और आमजन की परेशानी को देखते हुए की गई। जाम की समस्या के बाद हुई कार्रवाई दरअसल सांची रोड पर नाला निर्माण कार्य के चलते पहले ही यातायात दबाव बना हुआ था। इसी बीच दुकानदारों द्वारा सड़क तक किए गए अतिक्रमण के कारण जाम की स्थिति और गंभीर हो गई थी। दुकानों के बोर्ड, टीन शेड और अस्थायी निर्माण सड़क तक फैले होने से रोजाना वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। इससे आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। माता मंदिर से तहसील तक रहती थी जाम की स्थिति माता मंदिर से तहसील कार्यालय तक का इलाका सबसे अधिक प्रभावित था। यहां अक्सर जाम लग जाता था, जिससे स्थानीय लोग और राहगीर परेशान रहते थे। जाम के चलते स्कूल वाहन, एंबुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं के वाहन भी फंस जाते थे। इससे समय पर सेवाएं पहुंचाने में दिक्कत आ रही थी। जेसीबी से हटाए गए बोर्ड और टीन शेड अभियान के दौरान दुकानदारों द्वारा सड़क पर लगाए गए बोर्ड, टीन शेड और अन्य अवैध निर्माणों को जेसीबी मशीन की सहायता से हटाया गया। कार्रवाई के दौरान नगर पालिका की मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुरेखा जाटव और यातायात प्रभारी लता मालवीय मौके पर मौजूद रहीं और पूरी कार्रवाई की निगरानी की। दुकानदारों को दी गई सख्त चेतावनी अधिकारियों ने दुकानदारों को स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि भविष्य में दोबारा सड़क पर अतिक्रमण किया गया तो नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डिजिटल भास्कर की खबर का असर गौरतलब है कि सांची रोड पर जाम और अतिक्रमण की समस्या को लेकर शुक्रवार को डिजिटल भास्कर में खबर प्रमुखता से प्रकाशित की गई थी। इसके बाद प्रशासन एक्शन मोड में आया और शनिवार को कार्रवाई की गई। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे।


