‘विजयवर्गीय ने इस्तीफा नहीं दिया तो महाआंदोलन करेगी कांग्रेस’:नर्मदापुरम में पीसीसी चीफ पटवारी बोले- 11 जनवरी तक मंत्री, महापौर पर FIR भी हो

इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में दूषित पानी से 14 लोगों की मौत और 200 से ज्यादा के बीमार होने की घटना के खिलाफ नर्मदापुरम कांग्रेस अब आंदोलन करेगी। 11 जनवरी से कांग्रेस पार्टी मप्र स्तर का महाआंदोलन करने की तैयारी में है। अगर 11 जनवरी के पहले नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का इस्तीफा और जिम्मेदार अधिकारी, महापौर पर एफआईआर नहीं होती है तो कांग्रेस धरने पर बैठेगी। यह ऐलान स्वयं कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शनिवार को नर्मदापुरम में मीडिया से बातचीत में कहा। पीसीसी चीफ जीतू पटवारी कांग्रेस के संगठन सृजन के तहत “बूथ चलो, गांव चलो” अभियान के अंतर्गत नर्मदापुरम के ग्राम निमसाड़िया पहुंचे थे। यहां पर ग्राम पंचायत कांग्रेस कमेटी का गठन किया। पटवारी ने कांग्रेस को कैसे मजबूत किया जाए, इसके बारे में सभी को बताया। विधानसभा और लोकसभा चुनाव में किस प्रकार हमें काम करना है, इस पर जोर दिया। एक जान की कीमत 2 लाख, अफसरों का केवल ट्रांसफर
पीसीसी चीफ जीतू पटवारी ने कहा 11 जनवरी संबंधितों पर गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी हजारों लोगों के साथ इंदौर में महाआंदोलन करेगी। पटवारी ने कहा ये नहीं चल सकता कि लोग मरते रहें और अधिकारी मौन रहें। अधिकारियों के ट्रांसफर, सस्पेंड करके लोगों की आंखों में धूल झोंक कर 2 लाख जान की कीमत लगाना गलत है। मोहन यादव सरकार ने एक जान के बदले 2 लाख का मुआवजा दिया और चार अधिकारियों का ट्रांसफर कर दिया। उन्होंने कहा प्रदेश की एक पंचायत में सरकारी अधिकारी मात्र दो घंटे में डेढ़ लाख के ड्रायफ्रूट्स खा गए और यहां एक जान की कीमत मात्र 2 लाख रुपए। किस तरीके का मप्र बना रहे हैं? मौतें होती, पर कठोर कार्रवाई नहीं, इस्तीफा देना होगा
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा इससे पहले 26 बच्चों की मौत दवा पीने से हुई, कुएं में गिरकर 36 मौतें, किसी पर कार्रवाई नहीं। उससे पहले अस्पताल में चूहों ने नोचकर बच्चों को मार डाला। किसी पर कार्रवाई नहीं हुई। मंत्रियों को अपनी जवाबदारी लेनी पड़ेगी। कैलाश विजयवर्गीय को इस्तीफा देना पड़ेगा। अगर इस्तीफा नहीं हुआ तो कांग्रेस पार्टी 11 जनवरी को इंदौर में मप्र स्तर का महाआंदोलन करेगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *