हरियाणा के 8 जिलों में धुंध का अलर्ट:सुबह-रात के समय विजिबिलिटी कम रहेगी, 22 से बदलेगा मौसम, 2 दिन बारिश संभव

हरियाणा के आज 8 जिलों में धुंध का यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी शामिल हैं। इन जिलों में सुबह और शाम के समय गहरी धुंध छा सकती है। इसके अलावा प्रदेश के दूसरे हिस्सों में भी धुंध देखने को मिल सकती है। उत्तर पश्चिम हवाएं चलने से मौसम आमतौर पर खुश्क रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं धूप खिलने से तापमान सामान्य बना रहेगा। कुछ हिस्सों में शीतलहर के कारण तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। मौसम विभाग ने आगामी 22 जनवरी से मौसम परिवर्तन का अनुमान जताया। एक और कमजोर पश्चिमी विक्षोभ 22 से 24 जनवरी को हरियाणा में एक्टिव रहेगा। इससे दिन में बादल छाएंगे। दिन का तापमान कम और रात का तापमान बढ़ सकता है। इसके बाद मौसम फिर बदलेगा और पहाड़ों से बर्फीली हवाएं प्रदेश में फिर से बहेगी और ठंड बढ़ेगी।​​​ 2 दिन बारिश की संभावना
हिसार स्थित चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय (HAU) के कृषि मौसम विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ ने बताया कि हरियाणा में मौसम आमतौर पर 21 जनवरी तक खुश्क व उत्तरी व उत्तर-पश्चिमी ठंडी हवाएं हल्की गति से चलने से रात्रि तापमान में गिरावट आने और अलसुबह व देर रात्रि कहीं-कहीं धुंध छाने की संभावना है। परंतु एक और पश्चिमी-विक्षोभ के आंशिक प्रभाव से 22 व 23 जनवरी को राज्य में ज्यादातर क्षेत्रों में बादलवाई तथा हवाओं व गरज चमक के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश संभावित। इन दो दिनों के दौरान दिन के तापमान में गिरावट और रात्रि तापमान में बढ़ोतरी होने की संभावना है। परंतु 24 जनवरी से राज्य में मौसम आमतौर से फिर से खुश्क तथा रात्रि तापमान में गिरावट हो सकती है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *