दमोह जिला अस्पताल में एक चोर ने महज 10 मिनट के भीतर स्वास्थ्यकर्मी की बाइक चुरा ली। कर्मचारी ने शनिवार रात इस चोरी का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर पोस्ट किया है। इसके बाद अस्पताल की सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना गुरुवार शाम की है, जिसका फुटेज अब सामने आया है। वीडियो में साफ दिख रहा है कि एक युवक बड़े ही आराम से अस्पताल परिसर में घूमता है। वह डायलिसिस यूनिट के बाहर पहुंचता है और वहां खड़ी बाइक लेकर रफूचक्कर हो जाता है। हैरानी की बात यह है कि अस्पताल के मुख्य गेट पर लगे बैरियर पर भी उसे किसी सुरक्षाकर्मी ने नहीं टोका। डायलिसिस टेक्नीशियन की थी बाइक पीड़ित अनिल पटेल जिला अस्पताल में ही डायलिसिस टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि ड्यूटी पर आने के मात्र 10 मिनट बाद ही उनकी बाइक गायब हो गई थी। शुरुआत में अस्पताल प्रबंधन ने उन्हें सीसीटीवी फुटेज देने में आनाकानी की, लेकिन काफी मशक्कत के बाद शनिवार शाम उन्हें फुटेज मिले, जिसे उन्होंने सार्वजनिक कर दिया। पुलिस और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल पीड़ित का आरोप है कि कोतवाली पुलिस ने शिकायत के बाद उन्हें एक दिन इंतजार करने को कहा। वहीं, अस्पताल परिसर के भीतर से हुई इस चोरी ने वहां तैनात सुरक्षा एजेंसी की सतर्कता की पोल खोल दी है। फिलहाल, कोतवाली पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है।


