कलेक्टर हरेंद्र नारायण ने शनिवार देर शाम छिंदवाड़ा जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा। कलेक्टर ने सबसे पहले साफ-सफाई व्यवस्था, मरीजों को मिलने वाले भोजन, दवाइयों की उपलब्धता और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने ओपीडी, भर्ती मरीजों की स्थिति, गायनिक वार्ड, ऑर्थोपेडिक वार्ड, शल्य क्रिया कक्ष, सर्जिकल वार्ड, आईसीसीयू वार्ड क्रमांक-1 व 2 तथा पीआईसीयू वार्ड का भ्रमण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने मरीजों को उपलब्ध कराए जा रहे उपचार, दवाइयों, कंबल, चादर, तकिया और बैड की स्थिति की भी जानकारी ली। वार्डों में मरीजों के बेहतर उपचार और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए परिजनों की अनावश्यक भीड़ को नियंत्रित करने के निर्देश दिए। साथ ही साफ-सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के लिए अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिला चिकित्सालय में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं सही बनाए रखने के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों से सहयोग की अपेक्षा जताई। निरीक्षण के बाद उन्होंने चिकित्सकों के साथ बैठक भी ली और अस्पताल की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस निरीक्षक के दौरान कलेक्टर के साथ मेडिकल कॉलेज डीन, CMHO, सिविल सर्जन सहित सयुंक्त कलेक्टर मौजूद रहे।


