छतरपुर में पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय की बाहरी दीवारें इन दिनों वर्ली आर्ट से सजाई जा रही हैं। युवा कला छात्र पुलिस के विभिन्न कार्यों, ट्रैफिक नियमों और सामाजिक संदेशों को इन चित्रों के माध्यम से दर्शा रहे हैं, ताकि कार्यालय आने वाले लोग पुलिस की कार्यप्रणाली को आसानी से समझ सकें। इन रंग-बिरंगी चित्रकारियों में हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, ट्रैफिक सिग्नल का पालन करने और निर्धारित गति से वाहन चलाने जैसे ट्रैफिक नियम शामिल हैं। इसके अलावा, पुलिस के बचाव कार्य (रेस्क्यू), विभिन्न कार्रवाइयां और नागरिक जिम्मेदारियों को भी चित्रों के माध्यम से उजागर किया गया है। स्कूल और कॉलेज के छात्र-छात्राओं सहित कई कला छात्र इस परियोजना में शामिल हैं। इन चित्रों से न केवल एसपी कार्यालय की सुंदरता बढ़ी है, बल्कि यह आगंतुकों को कानून का पालन करने और पुलिस के प्रति सम्मान का संदेश भी दे रहा है। यह चित्रकला महाराष्ट्र की पारंपरिक ट्राइबल आर्ट शैली ‘वर्ली आर्ट’ पर आधारित है। कलाकारों ने बताया कि कार्य शुरू करने से पहले उन्होंने यह चित्रकला एसपी अगम जैन को दिखाई थी। एसपी जैन को यह विचार बहुत पसंद आया और उन्होंने कार्यालय परिसर की दीवारों पर पेंटिंग की अनुमति दी। छात्रों की टीम अब इस परियोजना को पूरा करने में जुटी हुई है और इसे जल्द ही अंतिम रूप देने की उम्मीद है।


