भूतिया मेड़ विवाद हत्या मामले में तीन फरार आरोपी गिरफ्तार:धार की कोतवाली पुलिस अब तक 14 को पकड़ चुकी; एक बाल अपचारी शामिल

धार के ग्राम भूतिया में खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद में शेरसिंह की हत्या के मामले में कोतवाली पुलिस ने शनिवार को तीन फरार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर इन आरोपियों को पकड़ा। इस मामले में पहले 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। यह घटना 30 अक्टूबर 2025 को ग्राम भूतिया में हुई थी। खेत की मेड़ को लेकर हुए विवाद के दौरान शेरसिंह पर हमला किया गया था। हमले में वे गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की थी। विवेचना के दौरान साक्ष्यों के आधार पर कुल 16 आरोपियों की संलिप्तता सामने आई। इनमें से 11 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया था। इसी क्रम में, मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर शनिवार को कोतवाली पुलिस ने सावरिया होटल क्षेत्र में घेराबंदी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में आयुष पिता हुकुम डामोर और लोकेश पिता बाबूलाल डामोर, दोनों निवासी आबकारी रोड धार, तथा एक बाल अपचारी शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त लकड़ी भी जब्त की है। नगर पुलिस अधीक्षक सुजावल जग्गा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है और उन्हें भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक अशोक लहरी, सहायक उपनिरीक्षक सुनील कुशवाह, प्रधान आरक्षक अरविंद एवं आरक्षक रामनरेश यादव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *