झाबुआ के थांदला में प्रवेश मार्ग पर एक यात्री जीप लाखनखारी के पास निर्माणाधीन पुल पर चढ़ते समय अनियंत्रित होकर नीचे गिर गई। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। सभी यात्री सुरक्षित बताए गए हैं। घटना शनिवार दोपहर की है। जीप में क्षमता से अधिक यात्री थे सवार प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जीप चालक निर्माणाधीन पुल की चढ़ाई पर वाहन चढ़ा रहा था। बताया गया है कि जीप में क्षमता से अधिक यात्री सवार थे। ओवरलोडिंग के कारण चढ़ाई के दौरान जीप का संतुलन बिगड़ गया और वह पीछे की ओर लुढ़कते हुए पुल के नीचे जा गिरी। घायलों को थांदला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया हादसे के समय जीप में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों सहित कई यात्री मौजूद थे। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। हादसे के तुरंत बाद जीप चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने घायलों को थांदला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।


