भास्कर न्यूज | इटखोरी केंद्र सरकार द्वारा दिए जा रहे राशि को राज्य सरकार बढ़िया जगह पर उपयोग करें। तभी राज्य का विकास संभव होगा। इन पैसों को सदुपयोग के जगह दुरुपयोग ना करें। यह बात शनिवार को भद्रकाली मंदिर में पूजा-अर्चना करने आईं केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री सह कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी ने मंदिर कार्यालय कच्छ में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहीं। वे यहां कोडरमा से माता रानी की पूजा अर्चना करने आई थी। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी संवैधानिक पद पर होने के बाद भी अनाप-शनाप बयान बाजी के लिए वे जाने जाते हैं। जबकि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था भगवान भरोसे है। ऐसी स्थिति में बिडंबना यह है कि यहां मरीजो को एम्बुलेंस में नहीं बल्कि झोले में शव ले जाने पर मजबूर होना पड़ रहा है। इसके लिए राज्य सरकार को बेहतर तरीके से काम करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज सावित्रीबाई फुले जी का जन्म दिवस है। उन्हें मैं नमन करती हूं, क्योंकि वह महिलाओं के लिए रोल मॉडल हैं।महिलाओं को उन्होंने पढ़ने से लेकर जागरूक करने का भी काम किया है। पत्रकारों द्वारा पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि बिहार को आपने देख ही लिया, अब बंगाल की बारी है। एसआईआर को देखते-देखते बिहार चला गया, अब बंगाल भी जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि एसआईआर से आम नागरिकों को कहीं भी कोई दिक्कत नहीं है। दिक्कत उन्हें होगी जो बाहर के लोग यहां आशियाना बनाकर बैठे हैं। इससे पूर्व केंद्रीय मंत्री नए वर्ष पर मां भद्रकाली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर सुख समृद्धि की कमान की। इस दौरान चतरा सांसद कालीचरण सिंह ने वन विश्रामागार पहुंचकर मंत्री अन्नपूर्णा देवी को पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। मौके पर चतरा विधायक जनार्दन पासवान, सिमरिया विधायक कुमार उज्ज्वल दास व पूर्व विधायक किशुन कुमार दास, जिला अध्यक्ष रामदेव सिंह भोक्ता, जिला महामंत्री मृत्युंजय सिंह, रतन शर्मा, पूर्व जिला मंत्री सतीश सिंह, मंडल अध्यक्ष कमलेश कुमार सिंह समेत बड़ी संख्या में भाजपाई उपस्थित थे।


