गुरुद्वारा चरण कंवल, बस्ती शेख की ओर से श्री अमृतसर साहिब से सरहिंद की ओर से जा रही पैदल यात्रा का भव्य स्वागत प्रधान और पार्षद मनजीत सिंह टीटू और सदस्यों द्वारा किया गया । उन्होंने सरहिंद यात्रा के लिए कार सेवा वाले हरप्रीत सिंह और उनके साथ जाते हुए सेवादारों को सिरोपा प्रदान कर उन्हें सम्मानित किया। हरप्रीत सिंह ने बताया कि चार साहिबज़ादों और माता गुजरी जी की शहादत को समर्पित इस पैदल यात्रा का उद्देश्य उन महान शहीदों को नमन करना है जिन्होंने मुगल साम्राज्य के अत्याचारों का धैर्यपूर्वक सामना करते हुए शहादत का जाम पिया। गुरुद्वारा साहिब के प्रधान ने कहा कि आज आवश्यकता है कि हम अपने बच्चों को शहीदों के इतिहास से अवगत करवाएं, जिन्होंने उस समय की मुगल हुकूमत के जुल्मों का डटकर मुकाबला करते हुए अपने बलिदान दिए और हमारे लिए धार्मिक स्वतंत्रता की नींव रखी। यहां विशाल सिंह लूथरा, त्रिलोचन सिंह छाबड़ा, सुरिंदर मोहन पप्पू व अन्य मौजूद थे।


