पठानकोट चौक के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब कड़ाके की सर्दी और घनी धुंध के बीच एक जंगली सांभर रिहायशी इलाके की सड़कों पर दौड़ता नजर आया। सूचना मिलते ही वन विभाग और पीसीआर टीम ने मौके पर पहुंचकर एक संयुक्त रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया और सांभर को सुरक्षित काबू कर लिया। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इन दिनों पड़ रही अत्यधिक ठंड और धुंध के कारण जंगली जानवर अक्सर रास्ता भटककर या भोजन की तलाश में जंगलों से निकलकर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर रुख कर लेते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सुबह के समय जब उन्होंने सांभर को सड़क पर भागते देखा, तो पहले लोग घबरा गए। शोर सुनकर सांभर भी डर गया और खुद को बचाने के लिए पास ही स्थित एक खाली प्लॉट में घुस गया। घटना की जानकारी तुरंत कंट्रोल रूम को दी गई, जिसके बाद पीसीआर टीम और वन विभाग के विशेषज्ञ कर्मचारी जाल और अन्य उपकरणों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम के सामने सबसे बड़ी चुनौती सांभर को बिना चोट पहुंचाए पकड़ना था। क्योंकि जानवर काफी घबराया हुआ था और बार-बार भागने का प्रयास कर रहा था। काफी देर तक चली जद्दोजहद के बाद टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सांभर को जाल में फंसाकर सुरक्षित पकड़ लिया। अधिकारियों ने बताया कि संभवतः वह कई दिनों से भूखा था। फिलहाल सांभर का इलाज किया जाएगा देखरेख में रखा गया है। प्राथमिक उपचार और इलाज के बाद उसे होशियारपुर के जंगली क्षेत्र में छोड़ दिया जाएगा। वन विभाग ने जनता से अपील की है कि यदि कोई जंगली जानवर दिखे, तो उसे खुद पकड़ने की कोशिश न करें और तुरंत प्रशासन को सूचित करें।


