बालोद सुर-सरताज: राज्य स्तरीय गायन स्पर्धा आज

भास्कर न्यूज | बालोद हार्मनी म्यूजिकल ग्रुप बालोद ने नववर्ष पर 4 जनवरी को राज्य स्तरीय गायन प्रतियोगिता बालोद सुर-सरताज रखी है। कार्यक्रम संजारी क्लब गार्डन में शाम 4 बजे से शुरू होगा। प्रतियोगिता का प्रारूप इंडियन आइडल और सारेगामापा की तर्ज पर रखा गया है, जिसमें प्री-ऑडिशन और मेगा ऑडिशन के चरणों के बाद ग्रैंड फिनाले आयोजित होगा। निर्णायक मंडल में छत्तीसगढ़ी फिल्म के गायक व संगीतकार सुनील सोनी, गीतकार चंपेश्वर गोस्वामी, एल्बम डायरेक्टर श्याम सुंदर चंद्राकर और लोक गायक व साहित्यकार सीताराम साहू श्याम शामिल रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता साहित्यकार जगदीश देशमुख करेंगे। मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिभा चौधरी होंगी। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ी, हिंदी, फिल्मी, नॉन-फिल्मी, भजन और ग़ज़ल जैसी शैलियों में कराओके ट्रैक के माध्यम से प्रस्तुति दी जा सकेगी। प्रतिभागियों को दो वर्गों-जूनियर (12 से 18 वर्ष) और सीनियर (18 वर्ष से ऊपर) में विभाजित किया गया है। प्रथम पुरस्कार 7,000 और द्वितीय 5,000 रुपए: बालोद में पहली बार राज्य स्तरीय गायन प्रतियोगिता होने जा रही है, जो गायन में रुचि रखने वाले कलाकारों के लिए मंचीय प्रस्तुति का बड़ा अवसर है। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 7,000 रुपए, द्वितीय 5,000 और तृतीय पुरस्कार 3,000 रुपए नकद रखा गया है। इसके साथ ट्रॉफी, चांदी के सिक्के और अन्य उपहार व गिफ्ट वाउचर भी प्रदान किए जाएंगे। ये पुरस्कार दोनों वर्गों के विजेताओं को अलग-अलग दिए जाएंगे। कार्यक्रम में बालोद के साथ-साथ दल्लीराजहरा, डौंडी लोहारा, धमतरी, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, कांकेर और अंबागढ़ चौकी से आए कलाकार प्रस्तुति देंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *