घर में सोता रहा परिवार, चोर ले उड़े साढ़े 5 लाख के जेवर

भास्कर न्यूज | रायगढ़ छाल थाना क्षेत्र के कूड़ेकेला में चोरों ने घर से साढ़े 5 लाख रुपए के सोने-चांदी व जेवरात पार कर दिए। पुलिस के अनुसार विनीत साव अपने छोटे भाई और मां के साथ बस स्टैंड के पास मुख्य मार्ग पर रहता है। शुक्रवार की रात 10 बजे वह दोस्त के साथ घरघोड़ा काम से गया था। घर में मां और छोटा भाई था। पत्नी भी नहीं थी। रात करीब 11 बजे से रात 2 बजे के बीच घर में घुसे चोरों ने अलमारी से 5 लाख 86 हजार रुपए के सोने-चांदी के जेवरात पार कर​ दिए। रात में मां उठी, तो घर का दरवाजा खुला देखा। उसने बेटे से पूछा, तो उसने दरवाजा बंदकर बाहर जाने की जानकारी दी। इसके बाद वह लौटा, तो अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। इसके बाद चोरी की सूचना पुलिस को दी गई। आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच करने पर पांच लोग नजर आए, जो कार से पहुंचे थे। फिलहाल पुलिस आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जांच में सामने आया कि रात करीब 12:40 बजे गांव के बीच बस्ती से होकर सफेद कार में 5 लोग मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने पहले बगल के मकान की कुंडी लगाई। फिर विनीत साव के घर के बाहर लगे ताले को तोड़ा। घर के अंदर मोबाइल दुकान का काउंटर खंगाला। दुकान का सारा सामान बिखेर दिया। इसके बाद वे घर के अंदर गए और जेवरात चोरी किए।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *