सर्दी का डबल अटैक:न्यूनतम पारा दो दिन में 5 डिग्री लुढ़ककर 8.9, कोहरे से 2 घंटे तक लेट रहीं 6 उड़ानें

लेकसिटी में शीतलहर ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। सुबह-शाम तो गलन-वाली सर्दी रही रही, दोपहर भी ठिठुरी रही। दिन सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा ठंडा रहा। कोहरे के कारण दूसरे दिन भी 6 उड़ानें लेट रहीं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हिमालय क्षेत्र में हो रही बर्फबारी का असर दक्षिण राजस्थान तक पहुंच रहा है। शनिवार को उदयपुर का अधिकतम तापमान 20.9 डिग्री और न्यूनतम 8.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शुक्रवार के मुकाबले दिन का पारा 0.9 डिग्री बढ़ा, जबकि रात का पारा 2.1 डिग्री गिर गया। दो दिनों में न्यूनतम तापमान में 5.1 डिग्री की गिरावट आई है। इससे सर्दी तेज हो गई है। दिन के समय भी ठंडी हवाओं के कारण कंपकंपी महसूस हुई, वहीं रात में गलन ने लोगों को घरों में दुबकने पर मजबूर कर दिया। शीतलहर का असर पूरे शहर में साफ नजर आया। बता दें, जनवरी में औसत अधिकतम तापमान 24.5 और न्यूनतम 7.6 डिग्री तय है। आगे : जारी रहेगी गलन वाली सर्दी मौसम विशेषज्ञ डॉ. आरएस देवड़ा के अनुसार हिमालय में लगातार बर्फबारी से उत्तरी राजस्थान में शीतलहर और कोहरा छाया रहेगा। मेवाड़ सहित दक्षिण राजस्थान में धुंध बनी रहेगी। उत्तरी ठंडी हवाओं के कारण दिन और रात दोनों समय गलने वाली सर्दी रहेगी। काम की बात फतहसागर झील पर सूर्योदय के समय पानी के ऊपर से उठती भाप में अठखेलियां करते पक्षी। झील में अठखेलियां कनेक्टिंग फ्लाइट छूटी, मीटिंग्स में भी देरी से पहुंचे यात्री उत्तर भारत में घने कोहरे का असर शनिवार सुबह महाराणा प्रताप एयरपोर्ट, डबोक पर भी देखने को मिला। दिल्ली, जयपुर और मुंबई रूट पर कम विजिबिलिटी के कारण इंडिगो, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की कम से कम 6 उड़ानें एक से दो घंटे तक देरी से संचालित हुईं। दिल्ली से आने वाली अधिकांश फ्लाइट्स लेट पहुंचीं, जिससे आगे की कनेक्टिंग उड़ानों का शेड्यूल भी बिगड़ गया। सबसे ज्यादा परेशानी सुबह जल्दी यात्रा करने वाले यात्रियों को हुई। कई यात्रियों को कनेक्टिंग फ्लाइट छूटने और जरूरी मीटिंग्स में देरी का सामना करना पड़ा। महत्वपूर्ण मीटिंग-अपॉइंटमेंट है तो एक दिन पहले पहुंचे गंतव्य पर मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों तक कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। ऐसे में अलसुबह उड़ान से यात्रा कर उसी दिन जरूरी काम निपटाने की योजना बना रहे यात्रियों को सतर्क रहना चाहिए। बेहतर होगा कि महत्वपूर्ण मीटिंग या अपॉइंटमेंट के लिए एक दिन पहले शाम की फ्लाइट से गंतव्य पहुंचें, फ्लाइट स्टेटस नियमित जांचते रहें और वैकल्पिक योजना तैयार रखें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *