9वीं राज्य स्तरीय ओपन अंडर-15 प्रतियोगिता:स्टेट लेवल पर रग्बी फुटबॉल में बाड़मेर की बेटियों ने अलवर को हरा जीता ब्रॉन्ज मेडल

चार मैचों में से एक में हारने के कारण मिला ब्रॉन्ज मेडल बाड़मेर पहुंचने पर रेलवे स्टेशन पर स्वागत भास्कर न्यूज| बाड़मेर थार की बेटियों ने अपने जज्बे, मेहनत और टीम भावना के दम पर रग्बी फुटबॉल में राज्य स्तर पर बाड़मेर का परचम लहराया है। जयपुर के चौगान स्टेडियम, छोटी चौपड़ में आयोजित 9वीं राज्य स्तरीय ओपन अंडर-15 रग्बी फुटबॉल बालिका वर्ग प्रतियोगिता में बाड़मेर रग्बी फुटबॉल संघ के चयन से उतरी टीम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। जिला रग्बी फुटबॉल संघ के सचिव के.आर. विराट भुरटिया ने बताया कि यह बाड़मेर के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि अंडर-15 ओपन रग्बी प्रतियोगिता में टीम ने लगातार दूसरी बार ब्रॉन्ज मेडल जीतकर अपनी प्रतिभा को साबित किया है। प्रतियोगिता से लौटने पर बाड़मेर पहुंची रग्बी फुटबॉल टीम के सदस्य धर्मी, भावना, हुआ, तीजों, सरस्वती, यशस्वी, भगवती वर्मा, लक्ष्मी, ममता कुमारी, हीना, भावना और वर्षा का रेलवे स्टेशन पर स्थानीय संघ सदस्यों और अभिभावकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस मौके पर संघ के कोषाध्यक्ष राणाराम विराट, रघुवीर सिंह खड़ीन, कल्याण सिंह सहित कई अभिभावक मौजूद रहे। सभी ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। जयपुर में आयोजित 9वीं सब जूनियर अंडर 15 गर्ल्स रग्बी फुटबॉल प्रतियोगिता में पहला मैच अलवर से खेला गया। जिसे टीम ने 0-15 से जीत लिया। दूसरा मैच टोंक से खेला गया, जिसे 0-20 से जीत लिया। तीसरा मैच नागौर से खेला गया। जिसमें टीम 5-15 से हारी। वहीं चौथा मैच हार्डलाइन अलवर से खेला गया, जिसमें 5-20 अंकों से जीत हासिल कर ब्रॉन्ज मेडल प्राप्त किया। टीम की कोच इंटरनेशनल प्लेयर सुशीला ने कहा कि टीम की सभी खिलाड़ी प्रतिभाशाली है और आने वाले समय में न केवल बाड़मेर बल्कि पूरे राजस्थान का नाम राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेगी। सीमित संसाधनों के बावजूद इन बालिकाओं का खेल के प्रति समर्पण प्रेरणा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *