वंदे मातरम् गीत की 150 वीं वर्षगाँठ पर रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 5 लाख विद्यार्थी एवं युवा 15 जनवरी को दोपहर 12:55 बजे एक साथ वंदे मातरम् का गान करेंगे। इसमें रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 3000 से अधिक स्कूल, कॉलेज के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। मुख्य आयोजन सुभाष स्टेडियम में होगा। यहां 20 हज़ार से ज्यादा युवा एक साथ गायन करेंगे। इस दौरान हेलीकॉप्टर से फूलों की वर्षा की जाएगी। साथ ही देशभक्ति गीत पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम की तैयारी को लेकर रायपुर लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने शनिवार को विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। कार्यक्रम संयोजक दानसिंह देवांगन ने बताया कि रायपुर देश का पहला लोकसभा क्षेत्र है, जहाँ एक साथ-एक ही समय पर 5 लाख से अधिक युवाओं द्वारा वंदे मातरम् का गान किया जाएगा। रायपुर लोकसभा क्षेत्र के 3000 से अधिक स्कूल- कॉलेजों में वंदे मातरम् गीत का देश की आजादी में योगदान विषय पर स्थानीय विद्यार्थी द्वारा वाचन भी किया जाएगा। बैठक में सांसद अग्रवाल ने कहा कि ये आयोजन इतिहास रचेगा। वंदे मातरम् विद्यार्थियों में देशभक्ति का भाव जागृत करने में आज भी प्रासंगिक है। बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार विश्वरंजन, निजी विश्वविद्यालय आयोग के अध्यक्ष वीके गोयल, पंडित रविशंकर विवि के कुलसचिव एस के पटेल, कुलसचिव तकनीकी विवि के कुलसचिव दिनेश सिन्हा, आयुष विवि के कुलसचिव एडिशनल डायरेक्टर एविएशन सूरज कुमार साहू, डिप्टी डायरेक्टर हेल्थ ए एस कन्नौजे, एडिशनल कमिश्नर नगर निगम मनोज पांडेय, एनसीसी से स्क्वाड्रन लीडर एम जोरार, जिला स्कूल शिक्षा विभाग के सहायक संचालक एम मिंज, एनटीपीसी के डीजीएम कम्युनिकेशन सहदेव सेठी, आदि उपस्थित थे।


