ससुराल से प्रताड़ित होकर कुएं में कूदी थी नवविवाहिता:सुसाइड से पहले मैसेज किया ‘सॉरी भाभी,मैं अब ऐसे नहीं रह सकती’; पति-सास, ननद पर केस

रतलाम में 9 दिन पहले कुएं में गिरने से एक नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस की जांच पूरी हो गई है। जांच में सामने आया कि नवविवाहिता ने ससुराल द्वारा दहेज मांगने से प्रताड़ित होकर कुएं में कूदी। जिससे उसकी मौत हो गई। मौत के पहले नवविवाहिता ने अपनी भाभी को वॉट्सऐप मैसेज किया, जिसमें लिखा “सॉरी भाभी मैं अब और ऐसे नहीं रह सकती, इन सब से परेशान हो गई हूं।“ पुलिस ने मृतिका के पति, सास व ननद के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। शुक्रवार को तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। पुराने कुएं में गिरने से हुई थी मौत जानकारी के अनुसार, 10 जनवरी की सुबह शहर के माली कुआं क्षेत्र में श्री राम मंदिर और श्री महावीर व्यायाम शाला परिसर के बीच सालों पुराने कुएं में गिरने से राधिका (25) पति केशव सांखला की मौत हो गई थी। शव को कुएं से निकाल कर जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने राधिका को मृत घोषित कर दिया था। परिजन बिना पीएम कराए शव घर ले आए। जब इस बात की जानकारी पुलिस को लगी तो पुलिस व प्रशासन के अधिकारी मृतिका के घर पहुंचे। परिजनों को काफी देर तक समझाया। लेकिन वह पीएम के लिए तैयार नहीं थे। करीब तीन घंटे तक हंगामा चला। दोपहर 1 बजे बाद परिजन माने और पीएम के लिए राजी हुए। माणकचौक थाना पुलिस ने मर्ग कायम किया। मृतिका नवविवाहिता होने के कारण जांच सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने की। शादी के दो माह बाद से कर रहे थे परेशान पुलिस ने मृतिका राधिका के पिता ललित पंवार पिता सुभाषचंद्र पंवार निवासी जेल रोड तेलीखेड़ा महू जिला इंदौर, भाई मोहित व वरूण के बयान लिए। इनके अलावा रतलाम में निवासरत भाभी के भी बयान लिए। पिता ललित पंवार व दोनों भाईयों ने बताया कि 10 मई 23 को राधिका की शादी केशव पिता रमेश सांखला के साथ सामाजिक रीति रिवाज से हुई थी। शादी के दो माह बाद से राधिका को उसकी सास तारा सांखला, ननद शिल्पा व पति केशव सांखला दहेज के लिए परेशान कर करते थे। कहते थे कि तेरे पिता ने दहेज में हमें नकद कुछ नहीं दिया। पति केशव भी दहेज में कार मांग रहा था। इस कारण राधिका परेशान रहने लगी थी। पति द्वारा आए दिन रुपए की मांग की जाती थी। ननद शिल्पा रतलाम में मृतिका के घर से करीब 100 मीटर की दूरी पर उसके ससुराल में रहती है, लेकिन रोज अपने पीहर आकर मां तारा सांखला व भाई केशव के साथ मिलकर दहेज के लिए राधिका को शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करती थी। अन्य महिला के साथ फोटो परिजनों ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि 18 अक्टूबर 24 को राधिका ने उसके पति केशव के अन्य महिला के साथ फोटो अपने पिता को वॉट्सऐप पर सेंड किए थे। केशव के अन्य महिला के साथ भी अवैध संबंध होने का पता चलने के बाद से केशव ने राधिका के साथ मारपीट कर और ज्यादा परेशान करना शुरू कर दिया था। मौत के दो दिन पहले था जन्मदिन मृतिका का 7 जनवरी 25 को जन्मदिन था। उसका जन्मदिन भी नहीं मनाया था। पति को कहा था तो उसने कहा था कि बर्थडे विश कर दिया यहीं बहुत है। 10 जनवरी 25 को राधिका ने रतलाम में रहने वाली अपनी भाभी को कुएं में कूदने के पूर्व सुबह 7.43 बजे वाट्सएप मैसेज किया था कि वह अब परेशान हो गई है। भाभी से सॉरी कहते लिखा था कि भाभी मैं अब ओर ऐसे नहीं रह सकती। इन सब से परेशान हो गई हूं। उसके कुछ देर बाद ही वह कुएं में कूद गई। बयानों के आधार पर केस दर्ज सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया ने बताया मर्ग जांच में आए साक्ष्यों, मृतिका के पीहर पक्ष के लोगों के बयानों के आधार पर पुलिस ने नकद रूपए और कार नहीं देने, तानाकसी कर शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने पर कुएं में कूदने से मृत्यु होना पाया। राधिका की सास तारा (60) पति रमेश सांखला, ननद शिल्पा (43) पति जितेंद्र राठौर और पति केशव (31) पिता रमेश सांखला निवासी जूनी कलालसेरी के खिलाफ दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया है। शुक्रवार को तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *