धार जिले के राऊ-खलघाट फोरलेन स्थित गणपति घाट पर शनिवार रात करीब 10 बजे एक और सड़क हादसा हो गया। यहां एक पहले से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक में पीछे से आ रहा तेज रफ्तार मिनी ट्रक जा घुसा। इस टक्कर में मिनी ट्रक के चालक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गणपति घाट की नई सड़क ब्रिज पर हुआ। इंदौर की दिशा से आ रहा मिनी ट्रक (एमपी 09 जी एच 8444) ब्रिज पर खड़े एक अन्य क्षतिग्रस्त वाहन से पीछे से भिड़ गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनी ट्रक (आईसर) का अगला हिस्सा (केबिन) पूरी तरह पिचक गया, जिससे चालक और परिचालक अंदर ही फंस गए। दो घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और बचाव दल ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। करीब 40 मिनट की मशक्कत के बाद वाहन का फाटक तोड़कर परिचालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हालांकि, केबिन में बुरी तरह फंसे चालक को निकालने में भारी कठिनाई हुई। लगभग दो घंटे चले बचाव अभियान के बाद जब चालक को बाहर निकाला गया, तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। लगातार हादसों का केंद्र बना गणपति घाट गणपति घाट पर ढलान और खतरनाक मोड़ों के कारण अक्सर इस तरह के हादसे होते रहते हैं। शनिवार रात हुई इस घटना के बाद पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया।


