पेंड्रा-अमरकंटक इलाके में कड़ाके की ठंड और शीतलहर जैसे हालात बन गए हैं। सुबह और रात के समय घने कोहरे के कारण दृश्यता में भी कमी आई है। पेंड्रा में न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया जा रहा है। यह जनवरी के सामान्य औसत तापमान (लगभग 11-13 डिग्री) से काफी नीचे है। अमरकंटक में 5 डिग्री सेल्सियस पहुंचा पारा वहीं, अमरकंटक में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। यहां जनवरी में सामान्य न्यूनतम तापमान करीब 7-11 डिग्री रहता है। वर्तमान तापमान औसत से 9 डिग्री और पिछले साल की तुलना में 6 डिग्री कम है, जिसे शीतलहर के मानकों के अनुरूप तेज गिरावट माना जा रहा है। उत्तर, मध्य और पूर्व भारत में 4 जनवरी के आसपास शीतलहर, ठंडी हवा और घने कोहरे की स्थिति मजबूत रहने की चेतावनी जारी की गई है। इसमें छत्तीसगढ़ के उत्तरी हिस्से भी शामिल हैं। घना कोहरा छाने की आशंका गौरेला-पेंड्रा-मरवाही और आसपास के इलाकों में 4 जनवरी के आसपास घना से बहुत घना कोहरा और कम दृश्यता की आशंका जताई गई है। इसके चलते पेंड्रा-अमरकंटक क्षेत्र में भी सुबह के समय कई जगहों पर कोहरे की चादर छाई हुई है, जिससे सड़कों पर दृश्यता कम हो गई है और सड़क हादसों का जोखिम बढ़ सकता है।


