लूणकरणसर के हंसेरा गांव में एनएच 62 पर शनिवार शाम आवारा पशु आने से एक कार संतुलन बिगड़ने से पलटे खा गई। इससे चार लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप से घायल हो गए। कार में सवार सभी लोग रिश्तेदार बताए जा रहे हैं। लूणकरणसर पुलिस थाने के एसएचओ गणेश कुमार ने बताया कि चूरू की सरदारशहर तहसील के भोजासर छोटा गांव से 8 लोग कार में सवार होकर बीकानेर के पेमासर में शादी में जा रहे थे। रास्ते में हंसेरा गांव में बस स्टैंड के पास अचानक पशु सामने आने से कार टकरा कर पलटी खा गई। इससे कार में सवार लोग उछलकर बाहर गिर पड़े और 4 लोगों की मौत हो गई। हादसे में रावतसर निवासी कालू पुत्र मदन भारती, छोटा भोजासर निवासी भगवानदास पुत्र नौरंगादास भारती, सुनील पुत्र जयनारायण भारती और विनोद पुत्र हजारी भारती की मौत हो गई। तीन घायलों को बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में भेजा गया है और एक का लूणकरणसर अस्पताल में इलाज कराया गया है। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक और घायलों के रिश्तेदार लूणकरणसर अस्पताल पहुंच गए। तेज रफ्तार कार पलटी, 2 की मौत, चार घायल उदयपुर| बड़गांव थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो पलटने से दो युवकों पीयूष और जगदीश की मौत हो गई। चार अन्य युवक घायल हैं। ये सभी शादी समारोह से घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार कुछ युवक 17 जनवरी को परिचित की शादी में थूर गए थे। रात 11 बजे सभी स्कॉर्पियो कार में वापस आ रहे थे। कार की गति तेज थी। लोयरा में कार बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में दो की मौत हो गई व चार लोग घायल हो गए। अजमेर : घने कोहरे से 3 वाहन भिड़े, लोग बचे डिंडवाड़ा/बांदरसिंदरी (अजमेर)| अजमेर-जयपुर नेशनल हाइवे पर पाटन के पास घने कोहरे की वजह से शनिवार सुबह अलग-अलग समय पर तीन वाहन भिड़ गए। कोहरे की वजह से 20 मीटर दूरी भी नजर नहीं आ रही थी। पंजाब रोडवेज की अजमेर के लिए चलने वाली बस पीबी आगे चल रहे वाहन से सुबह टकरा गई। बस में सवार सवारियां बाल-बाल बच गई। गुजरात नंबर की कार ट्रोले से टकरा गई। हादसे में 2 व्यक्ति चोटिल हुए। सिरोही: गैस टैंकर की ट्रक से भिड़ंत, डेढ़ घंटे लगा जाम मंडार(सिरोही)| दिल्ली कांडला हाइवे पर मंडार कस्बे के चेक पोस्ट के पास शनिवार रात 8.15 बजे गैस से भरे टैंकर व सिलेंडर से भरी गाड़ी की भिड़ंत हो गई। गनीमत रही हादसे में कोई हताहत नहीं हुई। टैंकर लिक्विड गैस से भरा था। सिलेंडर से भरी गाड़ी में सिलेंडर खाली थे। गैस लीक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। चालकों की लापरवाही, कोहरे व सड़क की अव्यवस्थाओं से हो रहे हादसे (उदयपुर) | जिले के बंबोरा-कच्छेर अड़िदा मार्ग पर शनिवार दोपहर चालक का ध्यान भटकने से एक कार अनियंत्रित होकर कुएं में गिर गई। पानी की सतह से पहले कार कुएं के साइड में स्थित पत्थरों में फंस गई, जिससे पानी में डूबने से रह गई। ग्रामीणों ने सभी को बाहर निकाला। चित्तौड़गढ़ के अमरपुरा भदेसर निवासी देवीलाल परिवार सहित सामाजिक कार्यक्रम से लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।


