कोटा–झालावाड़ नेशनल हाईवे 52 पर शनिवार रात एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मोडक थाना क्षेत्र में जालिमपुरा पेट्रोल पंप के पास कोटा की ओर जा रहे एक ट्रक में पीछे से आ रहे ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रेलर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसका चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। हादसे के बाद सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलते ही मोडक थाना पुलिस मौके पर पहुंची। थाना अधिकारी सज्जन गोठवाल ने बताया कि हादसे से पहले इस इलाके में ट्रैफिक जाम लगा हुआ था, जिस कारण आगे ट्रक रुका हुआ था। पीछे से आ रहा ट्रेलर चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और सीधे ट्रक में घुस गया। ट्रेलर में कोटा स्टोन भरा हुआ था, जो झालावाड़ की ओर से कोटा ले जाया जा रहा था। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया। घायल चालक को तुरंत इलाज के लिए झालावाड़ अस्पताल रेफर किया गया। क्रेन की सहायता से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद कुछ देर में यातायात पुनः सुचारू कर दिया।


