गुमला जिले के घाघरा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 8वीं कक्षा के छात्र की मौत हो गई। नवडीहा शिशु मंदिर के छात्र प्रियांशु चिक बड़ाईक (19) अपने दोस्त नितेश उरांव 22 वर्षीय के साथ बाइक पर लरंगो बाजार गए थे। वापसी के दौरान नवडीहा करन्ज टोली ढलान के पास अचानक एक कुत्ता सामने आ गया। कुत्ते से बचने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित होकर पहले कोयनार के पेड़ से और फिर बिजली के खंभे से टकरा गई। हादसे में पीछे बैठे प्रियांशु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक चला रहे नीतेश गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र घाघरा ले जाया गया, जहां प्रियांशु को मृत घोषित कर दिया गया। गंभीर रूप से घायल नीतेश को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल रेफर किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही घाघरा पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर लिया। मृतक के शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेजा गया है।


