जिस थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं होंगी उस थाना प्रभारी पर कार्रवाई निश्चित : एसपी

भास्कर न्यूज|गिरिडीह पपरवाटांड़ स्थित एसपी कार्यालय सभागार में अपराध समीक्षा बैठक का आयोजन शनिवार को किया गया। इसमें सबसे पहले जिले में हुई तमाम छोड़ी बड़ी घटनाओं पर चर्चा की गई, और संबंधित थानेदारों व इंस्पेक्टर को रात भर अपने क्षेत्र में पेट्रोलिंग करने का निर्देश दिया। साथ ही हिदायत देते हुए कहा कि जिस थाना क्षेत्र में आपराधिक घटनाएं होंगी, उस थानेदार व इंस्पेक्टर पर कार्रवाई होना निश्चित है। लिहाजा पूर्व से सतर्क रहें और कड़ी निगरानी व मजबूत खुफियातंत्र के साथ थाना का संचालन करें। बैठक में जिले भर के डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर व थाना प्रभारी शामिल थे। अध्यक्षता करते हुए एसपी डॉ. विमल कुमार ने जिले के सभी थाना प्रभारी से थाना में लंबित कांड की समीक्षा की। सभी थाना प्रभारी को निर्देश देते हुए कहा की थाना में लंबित कांड को शीघ्र निष्पादन करें, जेल से छुटे हुए अपराधियों की गतिविधि पर विशेष नजर रखें, न्यायालय द्वारा कुर्की-जब्ती इश्तेहार का निष्पादन अविलंब करें। जिले में अपराध को रोकने के लिए पुलिस निरीक्षक व थानेदार रात्रि में संयुक्त रुप से पेट्रोलिंग करें। महिला सुरक्षा के मामलों पर त्वरित कार्रवाई करें, महिला के साथ अपराध करने वाले अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई करें। दहेज हत्या, दहेज प्रताड़ना जैसी मामले को रोके जाने के लिए थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्र में जागरुकता अभियान चलाएं। एसपी ने जिले में बालू, पत्थर, माइका का अवैध कारोबार करने वालों पर थाना प्रभारी कड़ी कार्रवाई करें। जिले में साइबर अपराध करने वाले साइबर अपराधियोंं को थाना प्रभारी गिरफ्तार करके जेल भेजें। जो साइबर अपराधी जेल से छुटे हुए हैं, वैसे अपराधियों पर थाना प्रभारी निगरानी करें। लूट, छिन्नतई, डकैती जैसे अपराध में जेल छुटे हुए अपराधियों का सत्यापन करें। एसपी ने बैठक में उपस्थित सभी पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा की जिले में जमीन विवाद संबंधित मामले की सत्यापन करके विधि सम्मत कार्रवाई करें। एसपी ने कड़े लहजे में कहा कि जिले के जिस थाना क्षेत्र में आपराधिक घटना होगी, उस थाना क्षेत्र के थानेदार पर कार्रवाई होना निश्चित है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *