कार हादसे में घायल का वीडियो बनाने पर नाराजगी:चम्बा-पुखरी रोड पर हादसा, सोशल मीडिया पर अपलोड; लोग कर रहे ट्रोल

हिमाचल प्रदेश के चम्बा-पुखरी मुख्य सड़क मार्ग पर इंड नाला के पास शनिवार सुबह हुए एक कार हादसे के बाद घायल सिंगर जगदीश सोनी का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने को लेकर लोगों में भारी नाराजगी है। इस कृत्य को सोशल मीडिया पर अमानवीय बताते हुए कड़ी आलोचना की जा रही है। लाइक्स की होड़ में इंसानियत दरकिनार वीडियो में घायल जगदीश सोनी को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि उनकी गाड़ी नीचे गिर गई है और उन्हें मदद की जरूरत है, जबकि वीडियो बनाने वाला व्यक्ति उनकी बातों को रिकॉर्ड कर रहा था। लोगों का कहना है कि व्यूज और लाइक्स की होड़ में इंसानियत को दरकिनार कर दिया गया। वीडियो डालने के खिलाफ कार्रवाई की मांग स्थानीय लोगों और सोशल मीडिया यूजर्स का आरोप है कि वीडियो बनाने वाले व्यक्ति ने मददगार बनने के बजाय संवेदनहीनता का परिचय दिया। इस कारण संबंधित व्यक्ति को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है और कई लोग उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। हादसे में एक दंपती (पति और पत्नी) की मौके पर ही मौत हो गई। कार ड्राइवर जगदीश सोनी घायल हुए हैं, जिनकी हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। कई यूजर्स ने वीडियो सांझा करने पर उठाए सवाल घटना के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई यूजर्स ने दुर्घटनाओं के दौरान वीडियो बनाकर सांझा करने की प्रवृत्ति पर सवाल उठाए हैं और ऐसे मामलों में कानूनी कार्रवाई की आवश्यकता पर जोर दिया है। घटना एक बार फिर इस बहस को जन्म दे रही है कि क्या सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करना मानवीय संवेदनाओं से अधिक महत्वपूर्ण हो गया है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *