लोहर्सी | पचपेड़ी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत लोहर्सी में छत्तीसगढ़ का पारंपरिक लोकपर्व छेरछेरा तिहार हर्षोल्लास और धूमधाम के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छोटे बच्चों से लेकर युवक-युवतियां और बुजुर्गों तक सभी वर्ग के लोगों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई। छेरछेरा तिहार के दौरान ग्रामीणों की टोलियां घर-घर जाकर छेरछेरा कोठी के धान ला हेरे-हेरे का पारंपरिक उद्घोष करती नजर आईं। गांव के प्रत्येक घर से लोगों ने खुशी-खुशी धान, चावल व अन्य सामग्री दान में देकर इस लोकपर्व की परंपरा को जीवंत बनाए रखा। ग्रामीणों ने बताया कि छेरछेरा तिहार आपसी भाईचारे, सहयोग और सामाजिक समरसता का प्रतीक है। इस पर्व के माध्यम से समाज में मेल-मिलाप, दान भावना और सांस्कृतिक एकता को बढ़ावा मिलता है। पूरे गांव में पारंपरिक उल्लास और उत्सव का वातावरण बना रहा। ग्रामीणों ने मिल-जुलकर छत्तीसगढ़ी संस्कृति और परंपराओं को सहेजते हुए छेरछेरा तिहार को पूरे उत्साह और आनंद के साथ मनाया।


