बीकानेर के पूगल में एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एक आवारा कुत्ते ने 15 भेड़-बकरियों पर हमला कर उन्हें मार डाला, जबकि एक 9 साल के बच्चे को भी घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में आवारा कुत्ते की दहशत का माहौल है। रात में बाड़े में घुसा कुत्ता, मचाया कहर कुत्ते ने भेड़-बकरियों के बाड़े में हमला किए जाने की यह घटना पूगल के गांव डेली तलाई के चक 8 एलएम की है। रात के समय एक किसान परिवार के घर में बने भेड़-बकरियों के बाड़े में कुत्ता घुस गया और हमला कर दिया। 15 भेड़-बकरियों के बच्चों की मौत इस हमले में कुत्ते ने 15 भेड़-बकरियों के बच्चों को मौत के घाट उतार दिया। अचानक हुए इस हमले से किसान परिवार को भारी नुकसान हुआ है। आमतौर पर पूगल में दो से ढाई हजार रुपए में बकरी मिलती है। ये सभी बकरी के बच्चे थे, जिन्हें मौत के घाट उतार दिया गया। पशुओं को बचाने गया मासूम भी बना शिकार भेड़-बकरियों को बचाने के लिए जब 9 वर्षीय मासूम वहां पहुंचा तो कुत्ते ने उस पर भी हमला कर दिया। कुत्ते के काटने से बच्चा घायल हो गया। घायल बच्चे को पूगल अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चरवाहे को भारी नुकसान, मुआवजे की मांग इस पूरे घटनाक्रम में चरवाहे आशुराम मेघवाल को खासा नुकसान हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। पिछले दिनों ही मेघवाल की बकरियों ने इन बच्चों को जन्म दिया था, जिन्हें सुरक्षित रखने के लिए बाड़े में रखा गया लेकिन आवारा कुत्ते ने वहां भी हमला कर दिया। इलाके में दहशत का माहौल घटना के बाद ग्रामीणों में डर का माहौल है। लोगों को आशंका है कि कुत्ता फिर से कहां और कब हमला कर दे। इसी डर के चलते कई ग्रामीणों ने अपने पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर ले जाना शुरू कर दिया है।


