रायपुर पुलिस ने नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन निश्चय के तहत एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 4 तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से प्रतिबंधित कफ सिरप, गांजा और तस्करी में उपयोग वाहन भी जब्त किया है। यह कार्रवाई एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट और थाना आरंग पुलिस की संयुक्त टीम ने की। पुलिस को 3 जनवरी को सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में सवार कुछ व्यक्ति महासमुंद से रायपुर की ओर प्रतिबंधित सिरप और मादक पदार्थ लेकर आ रहे हैं। जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर आरंग क्षेत्र के लखौली स्थित पुराने टोल प्लाजा के पास नाकेबंदी की गई। इस दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर जांच की गई, जिसमें चार लोग सवार थे। पूछताछ में उन्होंने अपना नाम डिलेश्वर मेहर (उड़ीसा निवासी), लेखू सिन्हा, निखिल सिन्हा और योगेश ध्रुव (रायपुर निवासी) बताया। प्रतिबंधित सिरप, गांजा और वाहन जब्त वाहन की तलाशी में पुलिस ने 75 शीशी प्रतिबंधित कफ सिरप (कोडिन फॉस्फेट), 1 किलोग्राम गांजा और तस्करी में प्रयुक्त पिकअप वाहन (क्रमांक CG 04 ND 6040) जब्त किया। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 6 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई है। आरोपियों के विरुद्ध थाना आरंग में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी उड़ीसा और रायपुर के निवासी गिरफ्तार आरोपियों में डिलेश्वर मेहर (19 वर्ष) निवासी लोहरा चट्टी, थाना सोहेला, जिला बरगढ़ (उड़ीसा), लेखू सिन्हा (22 वर्ष), निखिल सिन्हा (19 वर्ष) और योगेश ध्रुव (25 वर्ष) सभी निवासी गंगानगर भनपुरी, थाना खमतराई, जिला रायपुर शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त ऐसे तस्करों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।


