गायक सोनू निगम ने तनोट माता की आरती की:बॉर्डर-2 की सफलता के लिए मंदिर में टेका माथा; बोले- ‘गाना’ फिर से गूंजने पर मिल रही है खुशी

सुपरहिट फिल्म ‘बॉर्डर’ के कालजयी गीतों से करोड़ों भारतीयों के दिलों में जगह बनाने वाले मशहूर गायक सोनू निगम जैसलमेर के दौरे पर रहे। सोनू निगम यहां अपनी आगामी फिल्म ‘बॉर्डर-2’ के बहुप्रतीक्षित गाने ‘घर कब आओगे’ की लॉन्चिंग के सिलसिले में पहुंचे थे। फिल्म की सफलता और देश की सुख-समृद्धि की कामना लेकर उन्होंने भारत-पाक सीमा पर स्थित प्रसिद्ध तनोट माता मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की। मंदिर परिसर में बीएसएफ के अधिकारियों ने उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सोनू ने जवानों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनके जज्बे को सलाम किया। सोनू निगम ने बताया कि उन्होंने तनोट माता से ‘बॉर्डर-2’ की अपार सफलता की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म और इसके गाने देश के वीरों को एक सच्ची श्रद्धांजलि हैं। तनोट माता की आरती में हुए शामिल, BSF ने किया सम्मान सोनू निगम कड़ी सुरक्षा के बीच तनोट माता मंदिर पहुंचे। उन्होंने वहां माता की भव्य आरती में भाग लिया और मंदिर की शक्ति व शांति का अनुभव किया। थार के मरुस्थल की आराध्य देवी और ‘सैनिकों की देवी’ के रूप में विख्यात तनोट माता के दर्शन के बाद सोनू निगम काफी उत्साहित नजर आए। इस दौरान वहां तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के अधिकारियों और जवानों ने सोनू निगम का गर्मजोशी से स्वागत किया। मंदिर परिसर में बीएसएफ के अधिकारियों ने उन्हें साफा पहनाकर और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। सोनू ने जवानों के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उनके जज्बे को सलाम किया। ‘घर कब आओगे’ गाने की लॉन्चिंग: यादें हुईं ताजा जैसलमेर में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार शाम को फिल्म ‘बॉर्डर-2’ के नए गाने ‘घर कब आओगे’ की जानकारी साझा की गई। 1997 में आई फिल्म ‘बॉर्डर’ के गीतों ने जो इतिहास रचा था, उसे एक बार फिर दोहराने की तैयारी है। मुंबई लौटते समय मीडिया से बातचीत करते हुए सोनू निगम भावुक दिखे। उन्होंने कहा, “जैसलमेर की मिट्टी में ही देशभक्ति की खुशबू है। इस फिल्म का हिस्सा बनना मेरे लिए हमेशा गर्व की बात रही है। आज जब ‘बॉर्डर-2’ का नया गाना फिर से फिजाओं में गूंजने को तैयार है और इसकी लॉन्चिंग हो रही है, तो मुझे बहुत खुशी हो रही है। यह गाना हर उस सैनिक और उसके परिवार की कहानी है जो घर वापसी की राह देखते हैं।” फिल्म की सफलता की कामना सोनू निगम ने बताया कि उन्होंने तनोट माता से ‘बॉर्डर-2’ की अपार सफलता की प्रार्थना की है। उन्होंने कहा कि यह फिल्म और इसके गाने देश के वीरों को एक सच्ची श्रद्धांजलि हैं। जैसलमेर की स्वर्ण नगरी में इस गाने की लॉन्चिंग करना फिल्म की टीम के लिए एक भावनात्मक निर्णय था। मुंबई के लिए हुए रवाना दिन भर के व्यस्त कार्यक्रम, मंदिर दर्शन और गाने से जुड़ी गतिविधियों के बाद सोनू निगम रविवार शाम को जैसलमेर एयरपोर्ट से मुंबई के लिए रवाना हो गए। उनके दौरे को लेकर स्थानीय प्रशंसकों में भारी उत्साह देखा गया और एयरपोर्ट पर उन्हें विदा करने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। गौरतलब है कि गाने की लॉन्चिंग में अभिनेता सनी देओल, वरुण धवन, आहान शेट्टी, टी सीरीज के मालिक भूषण कुमार भी पहुंचे थे, भारत पाक बॉर्डर स्थित तनोट माता मंदिर परिसर में घर कब आओगे गाने की लॉन्चिंग हुई थी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *