नर्मदा नदी में डूबे दो सगे भाई, मौत:नाव का इंतजार कर रहे थे, फिर नहाने उतरे, छोटे भाई को डूबता देख बड़ा भाई बचाने कूदा

सीहोर। नर्मदा नदी के बाबरी घाट पर शनिवार शाम दो सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। दोनों भाई अपने बड़े पापा के साथ हरदा जिले के करताना जा रहे थे और नाव का इंतजार कर रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, मृतक शुभम और विकास शनिवार को बाबरी गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होकर अपने बड़े पापा भीम सिंह यदुवंशी के साथ हरदा लौट रहे थे। बाबरी घाट पर नाव आने में देरी हो रही थी। छोटे भाई को डूबता देख बड़ा भाई बचाने के लिए कूदा
इसी दौरान शुभम नहाने के लिए नदी में उतर गया और अचानक गहरे पानी में चला गया। काफी देर तक शुभम के बाहर न आने पर बड़ा भाई विकास उसे बचाने के लिए नदी में कूद पड़ा। हालांकि, गहराई अधिक होने के कारण दोनों पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने विकास को डूबते देखा और बचाने के लिए नदी में गए। जब तब लोगों ने विकास को बाहर निकाल तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। इसी दौरान छोटे भाई शुभम का शव भी उतराता दिखा। ग्रामीणों ने उसे भी पानी से बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी। मृतक शुभम और विकास महगांव जदीद, थाना रेहटी के निवासी थे। उनके पिता आत्माराम यादव बनापुरा में मजदूरी करते हैं। एसडीओपी रवि शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान विकास पिता आत्माराम यादव (उम्र करीब 16 साल) और शुभम पिता आत्माराम यादव (उम्र करीब 15 साल) के रूप में हुई है। दोनों शवों का रविवार को भेरूंदा के अस्पताल में पोस्टमार्टम किया जाएगा। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है। प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेत निकालने के कारण नदी में कई जगह बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिससे अचानक गहराई होने के कारण इस तरह के हादसे होते हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *