भिंड नगर पालिका में अध्यक्ष के खिलाफ असंतोष अब खुलकर सामने आ गया है। शनिवार रात वार्ड क्रमांक 4 के एक निजी मैरिज गार्डन में ‘नववर्ष मिलन’ और ‘दाल-टिक्कड़’ पार्टी की आड़ में पार्षदों की गुप्त बैठक हुई। इसमें नपा अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने और वार्डों में ठप पड़े विकास कार्यों पर रणनीति बनाई गई। हालांकि, विधायक नरेंद्र कुशवाह की अनुपस्थिति के कारण कोई अंतिम फैसला नहीं हो सका, लेकिन भीतरखाने सियासी हलचल तेज हो गई है। उपाध्यक्ष का दावा- जल्द लेंगे बड़ा फैसला
नगर पालिका उपाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह भदौरिया ने दैनिक भास्कर से चर्चा में बड़ा दावा किया है। उन्होंने कहा, “यह बैठक अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव को लेकर ही थी। बैठक में मौजूद लोगों के अलावा 5 लोगों से फोन पर भी सहमति ली गई है। 39 में से 35 पार्षद अध्यक्ष के विरोध में हैं और जल्द ही इस मामले में बड़ा निर्णय लिया जा सकता है।” विधायक के सिग्नल का इंतजार
पिछले 15 दिनों में यह असंतुष्ट गुट की दूसरी गुप्त बैठक है। बैठक में करीब 30 पार्षदों और उनके प्रतिनिधियों के शामिल होने की खबर है। नेता प्रतिपक्ष बोले- चर्चा तो हुई थी
नेता प्रतिपक्ष राहुल राजावत (वार्ड 9) ने बताया कि वह पार्टी में कुछ समय के लिए गए थे। वहां अध्यक्ष के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा जरूर हो रही थी, लेकिन उनके जाने के बाद क्या निर्णय हुआ, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। पार्षदों का दर्द- जनता को क्या जवाब दें?
बैठक में पार्षदों ने तीखी नाराजगी जताई कि वार्डों में लंबे समय से विकास कार्य ठप पड़े हैं। जनता उनसे सवाल पूछ रही है और उन्हें जवाब देते नहीं बन रहा है। इसी वजह से अध्यक्ष को हटाने पर गंभीर मंथन किया गया।


