मैहर जिले में देर रात एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना रामनगर थाना क्षेत्र के मझटोलवा गेट के पास हुई, जहां एक अज्ञात ट्रेलर वाहन ने युवक की मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक की पहचान ग्राम सरिया निवासी 30 वर्षीय धीरेन्द्र पांडे उर्फ धीरू के रूप में हुई है। सूचना मिलने पर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। जानकारी के अनुसार, धीरेन्द्र पांडे अपनी मोटरसाइकिल से अपने घर ग्राम सरिया से बघवार स्थित अल्ट्राटेक फैक्ट्री में ड्यूटी के लिए जा रहे थे। मझटोलवा गेट के पास एक तेज रफ्तार ट्रेलर वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात ट्रेलर वाहन की तलाश कर रही है और आसपास लोगों से पूछताछ की जा रही है मामले की विस्तृत जांच जारी है।


