बलौदाबाजार में वन विभाग ने जंगली सुअर का शिकार करने के आरोप में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। इन पर बिजली के तार से करंट लगाकर सुअर को मारने का आरोप है। दोनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जिला जेल भेज दिया गया है। वन अधिकारियों के अनुसार, घटना 31 दिसंबर की रात सोनाखान परिक्षेत्र की है। वनमंडलाधिकारी गणवीर धम्मशील के निर्देश पर गश्त के दौरान 11 केवी बिजली लाइन से जीआई तार के जरिए अवैध हुकिंग का पता चला। मौके पर निरीक्षण करने पर लहुरसिंग नामक व्यक्ति के खेत में एक मृत जंगली सुअर मिला, जिसके पास से जीआई तार गुजर रहा था। इस मामले में वीरनारायणपुर निवासी 37 वर्षीय सुरेश बरिहा और सोनाखान निवासी 35 वर्षीय अंजोर सिंह बिंझवार से पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान दोनों ने बिजली का करंट लगाकर सुअर का शिकार करने की बात स्वीकार की। वन विभाग ने वन्यप्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मृत सुअर का पोस्टमॉर्टम कराया गया, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की गई। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।


