सिवनी जिले के लखनादौन में पुलिस ने मवेशी तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने सुबह एक कंटेनर से 46 गौवंश जब्त किए हैं, जिनमें से एक मृत पाया गया। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। लखनादौन थाना प्रभारी कीरत सिंह धुर्वे ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अपूर्व भलावी के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि नरसिंहपुर की ओर से एक कंटेनर में अवैध रूप से गौवंश नागपुर ले जाए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर, मड़ई टोल टैक्स के आगे NH-44 रोड पर घेराबंदी की गई। पुलिस ने कंटेनर क्रमांक UP 21 CN 0370 को रोका। जांच करने पर वाहन में 46 गौवंश क्रूरतापूर्वक ठूंस-ठूंस कर भरे पाए गए, जिनमें से एक गौवंश मृत अवस्था में मिला। कंटेनर में मौजूद तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। आरोपियों ने बताया कि वे गौवंश को कटनी से भरकर नागपुर ले जा रहे थे। पुलिस ने कंटेनर और सभी 46 गौवंश को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश गौवंश प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 6, 9, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 (घ) और मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 66/192 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पकड़े गए आरोपी पकड़े गए आरोपियों की पहचान जुनैद (24), पिता शौकिन खान, निवासी भोजपुर, जिला मुरादाबाद, उत्तर प्रदेश, जबिद (30), पिता मुजाहिद खान, निवासी शामली, जिला शामली, उत्तर प्रदेश और ख्वजिया (52), पिता सवरिया खान, निवासी जलालाबाद, जिला शामली, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। जब्त की गई संपत्ति में कंटेनर क्रमांक UP 21 CN 0370 शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 35 लाख रुपए है। इसके अतिरिक्त, 46 गौवंश की कीमत लगभग 2 लाख रुपए आंकी गई है। इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक केपी धुर्वे, सहायक उपनिरीक्षक विश्वरंजन सिंह रघुवंशी, प्रधान आरक्षक ललता प्रसाद पटले, लकेश पटले, सूरज मेहरा, पृथ्वी सरयाम, ओमकार पटेल और अजय सिंह बघेल की टीम शामिल थी।


