केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को आंध्र प्रदेश के विजयवाड़ा के पास नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजास्टर मैनेजमेंट (NIDM) के दक्षिणी परिसर और नेशनल डिजास्टर रिसपॉन्स फोर्स (NDRF) की 10वीं बटालियन परिसर के साथ अन्य प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन किया। इस दौरान एक जनसभा में उन्होंने कहा कि जब कोई आपदा भगवान द्वारा भेजी जाती है तो NDRF मदद के लिए आती है। मैन मेड (मानव निर्मित) आपदा होती है तो NDA मदद के लिए आती है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र और हरियाणा के बाद NDA 2025 में दिल्ली में सरकार बनाएगी। शाह ने कहा कि आंध्र प्रदेश को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार का पूरा समर्थन है। केंद्र ने सिर्फ 6 महीनों में राज्य के लिए 3 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा की परियोजनाओं को मंजूरी दी है। उन्होंने आगे कहा कि पीएम मोदी ने हुडको और विश्व बैंक के माध्यम से राजधानी अमरावती के विकास के लिए 27 हजार करोड़ रुपए सुनिश्चित किए हैं। शाह ने पिछली जगन रेड्डी की सरकार पर कटाक्ष करते हुए आंध्र प्रदेश के लोगों से बर्बाद हुए पिछले 5 सालों पर ध्यान न देने को कहा। उन्होंने कहा कि CM नायडू और PM मोदी राज्य के विकास के लिए नए सिरे से मिलकर काम करेंगे। NDRF को लेकर शाह ने कहा कि आज भारत आपदा प्रबंधन में वैश्विक नेता के रूप में उभरा है और आपदा के निपटने के क्षेत्र में देश दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण और केंद्रीय मंत्री के राम मोहन नायडू भी मौजूद रहे। ————————————– ये खबर भी पढ़ें… PM मोदी ने आंध्र प्रदेश में रोड शो किया, ₹2 लाख करोड़ के प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास-उद्घाटन किया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 8 जनवरी को आंध्र प्रदेश के सीएम एन चंद्रबाबू नायडू और डिप्टी सीएम पवन कल्याण के साथ विशाखापत्तनम में रोड शो किया। रैली के बाद PM मोदी ने जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आंध्र प्रदेश का विकास हमारा विजन है। यहां के लोगों की सेवा करना हमारी प्रतिबद्धता है। पूरी खबर पढ़ें…


