विजयपुर में शनिवार दोपहर दो लोगों ने एक नाबालिग बालिका को घुमाने का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर दोनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है। जानकारी के अनुसार, विजयपुर थाना क्षेत्र में शनिवार दोपहर दो आरोपी एक 13 वर्षीय नाबालिग को विजयपुर से घुमाने का बहाना बनाकर बाइक पर अपने साथ ले गए। वे उसे जंगल में ले गए और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी नाबालिग बालिका को घर छोड़ने आए। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को अपनी आपबीती सुनाई। इसके बाद पीड़िता के परिजन विजयपुर थाने पहुंचे और दोनों आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। पुलिस ने पॉक्सो एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। पीड़िता का रविवार को श्योपुर में मेडिकल परीक्षण कराया जा चुका है। विजयपुर टीआई भारत सिंह गुर्जर ने बताया कि इस संबंध में एक मामला सामने आया है। पीड़िता की रिपोर्ट पर दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मेडिकल परीक्षण भी हो चुका है। उन्होंने बताया कि दुष्कर्म के मुख्य आरोपी विक्की पुत्र रामलखन रावत, निवासी अनिदा, विजयपुर को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं, दूसरा आरोपी दीपक रावत, निवासी अनिदा, फरार है, जिसकी तलाश जारी है।


