सर्विस रोड बनी खतरनाक, 2 दिन में 3 हादसे:बारिश से सड़कों पर बने गड्ढों में फंस रहे वाहन, प्रशासन बेपरवाह

बारिश के बाद धौलपुर जिले में हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। शहर की मुख्य सड़कों पर गहरे गहरे गड्ढे और उनमें हो रहे जल भराव से रोजाना हादसे हो रहे हैं। गड्ढों की वजह से कॉलोनियों में घुसने के लिए रास्ता तक नहीं हैं। जिससे लोग खासे परेशान हैं। धौलपुर शहर के आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 44 की सर्विस रोड पर जल भराव और गड्ढों की वजह से रोज हादसे सामने आ रहे हैं। दो रोज पहले एक ट्रक के पलट जाने के बाद रविवार सुबह एक के बाद एक दो हादसे हुए हैं। सुबह के पहर सर्विस रोड पर ईटों से भरा एक ट्रैक्टर पलट गया। जिसे स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकलवाया गया। ट्रैक्टर पलटने के कुछ ही घंटों बाद सड़क पर बने गहरे गड्ढे में एक कार फंस गई। जिसे निकालने के लिए लोगों को घंटो मशक्कत करनी पड़ी। सर्विस रोड पर जगह-जगह बने गड्ढे हर वक्त हादसे को न्यौता दे रहे हैं। सर्विस रोड के किनारे शहर की गिर्राज कॉलोनी के रहने वाले लोगों ने बताया कि उन्होंने लाखों रुपए खर्च करके अपने मकान बनवाए हैं। जिनमें जाने के लिए सर्विस रोड से होकर ही निकालना पड़ता हैं। लोगों ने बताया कि सर्विस रोड पर गड्ढे होने की वजह से उनका घर पहुंचना मुश्किल हो रहा हैं। कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत के बावजूद भी सड़क की मरम्मत के लिए कोई भी कदम नहीं उठाया गया हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *