चाईबासा के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में 25 वर्षीय युवती की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बहामन टुटी ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 30 दिसंबर 2025 को मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के जोगीदारु जंगल के समीप एक खेत से एक अज्ञात युवती का अर्धनग्न शव बरामद हुआ था। शव पुआल से ढका हुआ था, जिससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम कराया। इसके बाद पहचान व जांच की प्रक्रिया शुरू की थी। खेत मालिक की शिकायत पर दर्ज हुई प्राथमिकी इस मामले में खेत मालिक जय किशन होनहागा के लिखित आवेदन पर 31 दिसंबर 2025 को मुफ्फसिल थाना में भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की धारा 103(1)/238 के तहत अज्ञात के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल से जुटाए गए भौतिक साक्ष्यों के साथ-साथ तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर जांच को आगे बढ़ाया। पूछताछ में आरोपी ने कबूला जुर्म जांच के क्रम में पुलिस ने 4 जनवरी 2026 को जोगीदारु टोला, तोडांग निवासी 20 वर्षीय प्रधान पुरती उर्फ पल्टु को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि घटना से पहले उसने युवती के साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। इसके बाद किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद उसने युवती का गला दबाकर और पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पुआल से ढककर जंगल के पास खेत में छोड़ दिया गया। स्कूटी और मोबाइल बरामद पुलिस ने आरोपी के पास से मृतका का मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं, आरोपी की निशानदेही पर जंगल से मृतका की लाल रंग की स्कूटी (रजिस्ट्रेशन नंबर JH06L-7980) भी जब्त की गई है। इसके अलावा घटनास्थल से खून लगा पत्थर और आरोपी का मोबाइल फोन सहित अन्य अहम साक्ष्य भी पुलिस के हाथ लगे हैं। डीएसपी बहामन टुटी ने बताया कि इस हत्याकांड के खुलासे में वैज्ञानिक और तकनीकी साक्ष्यों की अहम भूमिका रही है। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।


