कांग्रेस घंटा लेकर विधायक निवास पहुंची, बीजेपी ने गाये भजन:कटनी में MLA संदीप जायसवाल के घर का घेराव, पुलिस ने हल्का बल प्रयोग किया

इंदौर में दूषित पानी से हुईं 16 मौतों पर गुस्सा अब पूरे मध्य प्रदेश में फैल रहा है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर रविवार को कटनी में भी सियासी हंगामा देखने को मिला। मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल के घर का घेराव करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं और वहां पहले से मौजूद भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नोकझोंक और नारेबाजी हुई। करीब दो घंटे तक मौके पर तनाव बना रहा, जिसके बाद हालात बिगड़ते देख पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाना पड़ा। घंटे बजाकर जताया विरोध, भाजपा ने भजनों से दिया जवाब रविवार दोपहर के समय शहर कांग्रेस अध्यक्ष अमित शुक्ला, महिला जिलाध्यक्ष और युवा कांग्रेस महासचिव दिव्यांशु मिश्रा की अगुवाई में बड़ी संख्या में कांग्रेसी विधायक के घर पहुंचे। कार्यकर्ता अपने साथ ‘घंटे’ लेकर आए थे, जिन्हें बजाकर वे सरकार के खिलाफ विरोध जता रहे थे। लेकिन माहौल तब और गरमा गया जब भाजपा कार्यकर्ताओं ने विधायक निवास पर बड़े साउंड सिस्टम लगा दिए। जैसे ही कांग्रेस की नारेबाजी शुरू हुई, भाजपा की ओर से तेज आवाज में आरती और धार्मिक भजन बजने लगे। एक तरफ नारेबाजी और घंटों का शोर था, तो दूसरी तरफ जवाबी भजन; इस बीच दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। कांग्रेस का आरोप: आवाज दबाने के लिए लिया राम नाम का सहारा प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे अमित शुक्ला ने कहा कि वे इंदौर की घटना पर शांतिपूर्ण तरीके से विधायक से बात करने गए थे, लेकिन विधायक ने चर्चा करने के बजाय लाउडस्पीकर चलाकर उनकी आवाज दबाने की कोशिश की। वहीं, युवा कांग्रेस नेता दिव्यांशु मिश्रा ने कहा कि भाजपा भ्रष्टाचार छिपाने के लिए राम नाम का सहारा ले रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इंदौर में लोग मर रहे हैं और जब वे साफ पानी मांग रहे हैं, तो विधायक भजनों के पीछे छिप रहे हैं। मिश्रा ने कटनी की सीवर लाइन और जल व्यवस्था में भी विधायक और महापौर पर मिलीभगत और कमीशनखोरी के बड़े आरोप लगाए। विधायक की सफाई: हमने तो घंटे को सही जगह दी पूरे मामले पर पलटवार करते हुए भाजपा विधायक संदीप जायसवाल ने कहा कि कांग्रेस ने आने की कोई पूर्व सूचना नहीं दी थी। उन्होंने तर्क दिया कि “घंटा” मंदिर और भक्ति की वस्तु है, उसे सड़क पर बजाना ठीक नहीं है। विधायक ने कहा कि जब उन्हें पता चला कि कांग्रेसी घंटा लेकर आ रहे हैं, तो उन्होंने भगवान श्री राम की तस्वीर रख दी ताकि उसे सही जगह (भगवान के चरणों में) बजाया जा सके। शहर की जल व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि प्रशासन अलर्ट है और समस्याओं का तुरंत समाधान किया जा रहा है। पुलिस के पहरे में बीता रविवार, फिलहाल शांति हंगामे के दौरान कटनी कोतवाली समेत कई थानों का भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। तहसीलदार के मुताबिक, कांग्रेस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन की जानकारी दी थी, लेकिन स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा और कार्यकर्ताओं को विधायक निवास से दूर किया गया। फिलहाल क्षेत्र में शांति है, लेकिन पुलिस की टीम लगातार स्थिति पर नजर रखे हुए है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *