देवास शहर में रविवार सुबह से ही घना कोहरा छाया रहा। कोहरे के कारण दृश्यता काफी कम हो गई और 50 मीटर की दूरी पर भी चीजें साफ नजर नहीं आ रही थीं। हालात ऐसे थे कि वाहन चालकों को दिन में भी गाड़ियों की हेडलाइट जलानी पड़ी। नए साल की शुरुआत से ही शहर में कोहरे का असर बना हुआ है। पिछले दो दिनों से कोहरा ज्यादा घना है। रविवार को दोपहर करीब 11 बजे तक धूप नहीं निकली, जिससे ठंड और नमी का अहसास बना रहा। तापमान में खास बदलाव नहीं रविवार को देवास का अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शनिवार की तुलना में तापमान लगभग स्थिर रहा। सुबह कोहरे के कारण आसमान से हल्की नमी की बूंदें भी गिरती रहीं। फसलों में कीट लगने की आशंका लगातार कोहरे और नमी के कारण किसानों को फसलों में कीट लगने का डर सता रहा है। किसानों का कहना है कि अगर ऐसा मौसम कुछ दिन और रहा, तो कीटों का असर बढ़ सकता है। हालांकि, फिलहाल फसलों को कोई नुकसान नहीं हुआ है।


