खिलचीपुर में आवारा कुत्ते का हमला, दो बच्चे गंभीर घायल:8 वर्षीय बहन ने 3 मिनट तक लड़कर भाई को बचाया, टी-शर्ट से रोका खून

राजगढ़ जिले के खिलचीपुर नगर में रविवार सुबह एक आवारा कुत्ते के हमले में दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। 5 वर्षीय क्रिश और 8 वर्षीय लीजा को प्राथमिक उपचार के बाद राजगढ़ जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। यह घटना खिलचीपुर के सोमवारिया क्षेत्र स्थित वार्ड नंबर 3 में हुई। स्थानीय मजदूर सुरेश राव के बच्चे क्रिश और लीजा रविवार सुबह अपनी बुआ के घर के बाहर खेल रहे थे। तभी एक आवारा कुत्ते ने 5 वर्षीय क्रिश पर हमला कर दिया और उसके सिर को बुरी तरह नोच लिया, जिससे खून बहने लगा। कुत्ते से भिड़ गई बहन
अपने भाई को बचाने के लिए 8 वर्षीय लीजा कुत्ते से भिड़ गई। वह करीब तीन मिनट तक कुत्ते से लड़ती रही। इस दौरान कुत्ते ने लीजा पर भी हमला किया। कुछ देर बाद लोग मौके पर पहुंचे और कुत्ता वहां से भाग गया। क्रिश के सिर से लगातार खून बहता देख लीजा ने तुरंत अपनी टी-शर्ट उतारकर उसके सिर पर लपेट दी, ताकि रक्तस्राव को रोका जा सके। लीजा की इस सूझबूझ और हिम्मत की लोगों ने सराहना की। दोनों बच्चे जिला अस्पताल रेफर
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और बच्चों की मां पूनम राव मौके पर पहुंचीं। उन्होंने घायल बच्चों को संभाला और मजदूरी पर गए पति सुरेश राव को बुलाया। इसके बाद दोनों बच्चों को तत्काल खिलचीपुर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें राजगढ़ जिला अस्पताल रेफर कर दिया। डॉक्टरों ने बताया कि क्रिश के सिर में गंभीर घाव हैं, जबकि लीजा के हाथ, चेहरे और सिर पर चोटें आई हैं। फिलहाल दोनों बच्चों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *