शाजापुर शहर के शहरी हाईवे पर रविवार दोपहर नियमों की अनदेखी के चलते यातायात की स्थिति बिगड़ गई। दोपहर करीब 3 बजे नो-एंट्री के बावजूद शहर में घुसे बड़े ट्रकों ने ट्रैफिक व्यवस्था को ठप कर दिया। श्मशान घाट के सामने एक ट्रक के गलत दिशा (रॉन्ग साइड) में खड़े हो जाने की वजह से सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम उस वक्त लगा जब श्मशान घाट के सामने से एक अंतिम यात्रा निकल रही थी। ट्रक के गलत तरीके से खड़े होने और शवयात्रा की वजह से हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रुक गई। इस दौरान स्कूली बसें, दोपहिया और चारपहिया वाहन करीब 15 से 20 मिनट तक फंसे रहे। शोर के बीच राहगीरों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। यातायात पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुलवाया रास्ता मौके पर मौजूद लोगों ने जब स्थिति को बेकाबू होते देखा, तो तुरंत इसकी जानकारी यातायात पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले गलत खड़े ट्रक को सड़क से हटवाकर किनारे करवाया। पुलिस की कड़ी मशक्कत के बाद धीरे-धीरे यातायात सामान्य हो सका और लोगों को जाम से राहत मिली। नियमों की धज्जियां उड़ा रहे भारी वाहन, प्रभारी बोले- होगी सख्त कार्रवाई शहर में दिन के समय भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी (नो-एंट्री) है, फिर भी अक्सर बड़े ट्रक नियमों को ताक पर रखकर शहरी सीमा में घुस रहे हैं। इस मामले में यातायात थाना प्रभारी सौरव शुक्ला का कहना है कि नो-एंट्री का उल्लंघन करने वाले ड्राइवरों पर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि ट्रक चालकों को समझाइश दी जा रही है, लेकिन जो नियमों को नहीं मानेंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे।


