रायसेन के वरिष्ठ भाजपा नेता और लोधी क्षत्रिय महासभा के प्रदेश महामंत्री भूपेन्द्र वर्मा का भोपाल एम्स में उपचार के दौरान निधन हो गया। वे उज्जैन के पास एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए थे।यह हादसा 29 दिसंबर सोमवार रात को हुआ, जब भूपेन्द्र वर्मा अपने साथियों के साथ रायसेन से राजस्थान के सीकर जा रहे थे। उज्जैन के बड़नगर के पास सड़क पर अचानक एक गाय आ जाने से उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इस दुर्घटना में भूपेन्द्र वर्मा के सिर में गंभीर चोटें आईं। कार में सवार मनीष पाल और करण सिंह मीणा को हाथ-पैरों में चोटें लगीं, जबकि अलीम को फ्रैक्चर हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद, भूपेन्द्र वर्मा को भोपाल के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। रविवार सुबह लगभग 5 बजे उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। भूपेन्द्र वर्मा लंबे समय से भाजपा संगठन में सक्रिय थे और उन्होंने कई पदों पर जिम्मेदारियां संभाली थीं। वे रायसेन रामलीला महोत्सव समिति के कार्यकारी अध्यक्ष भी थे। लोधी क्षत्रिय महासभा में प्रदेश पदाधिकारी के तौर पर उनकी भूमिका क्षेत्र और प्रदेश स्तर पर काफी सक्रिय रही थी। उनके निधन से शहर में शोक की लहर है।


